नई दिल्ली
रामानंद सागर के सीरियल 'रामायण' में भगवान राम की भूमिका निभाकर देश के घर-घर में प्रख्यात हुए अभिनेता अरुण गोविल भाजपा में शामिल हो गए हैं। पांच राज्यों (पश्चिम बंगाल, केरल, पुडुचेरी, असम और तमिलनाडु) में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले अरुण गोविल का भाजपा में शामिल होना बड़ा अहम माना जा रहा है। अरुण गोविल ने दिल्ली में भाजपा कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह मौजूद रहे।
भाजपा में शामिल होते ही गोविल ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। गोविल ने कहा कि ममता बनर्जी को 'जय श्रीराम' के नाम से एलर्जी हो गई है। यह कोई नारा नहीं है, यह उद्घोष है जिसको लेकर हम जीते हैं। प्रभु श्रीराम तो सभी के हैं। पूरे विश्व के हैं। कुछ लोग समझने को तैयार नहीं हैं।
भाजपा ने पश्चिम बंगाल में उम्मीदवारों की नई लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में पांचवें, छठे, सातवें और आठवें चरण के उम्मीदवारों के नाम हैं। भाजपा ने 148 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की, जिसमें पार्टी के उपाध्यक्ष मुकुल रॉय का नाम भी शामिल है। पार्टी ने कई मुस्लिम उम्मीदवारों को भी टिकट दिया है। इनमें से अधिकतर महिलाएं हैं। पार्टी ने हरिश्चंद्रपुर से मोहम्मद मतीउर रहमान, सागरदिघी से माफुजा खातून, भागवान गोला से महबूब आलम, रानीगर से मसुहारा खातून, सुजारपुर से एडवोकेट एस के जियाउद्दीन, डोमकल से रुबिया खातून को टिकट दिया गया है।
Post a comment