टीटाकुडी
तमिलनाडु में एक चुनावी रैली के दौरान भापजा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को द्रमुक और उसकी मुख्य सहयोगी कांग्रेस पार्टी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए ‘वंशवाद की राजनीति’ करने के लिए दोनों पार्टियों की निंदा की। यहां एक रैली में उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से शुरू किए गए विकास कार्य को आगे ले जाने के लिए अन्नाद्रमुक-भाजपा गठबंधन का समर्थन करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की विकास की पहल को आगे बढ़ाना चाहिए और द्रमुक और कांग्रेस की ‘वंशवाद’ की राजनीति को खारिज करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कश्मीर से केरल और गुजरात से पूर्वोत्तर राज्यों तक सिर्फ भाजपा ही ‘विकास’ को बढ़ावा देने वाली पार्टी है, जबकि बाकी अन्य पार्टियां पारिवारिक पार्टियां बन चुकी है। उन्होंने कहा कि द्रमुक-कांग्रेस गठबंधन ‘2जी, 3जी और 4जी’ है। उन्होंने कहा, ‘हमें वंशवाद की राजनीति को खारिज करके तमिलनाडु में वास्तविक लोकतंत्र को फलता-फूलता देखना है।’
द्रमुक की दो पीढ़ियों के भ्रष्टाचार को दर्शाता है 2जी
उन्होंने आरोप लगाया कि 2जी मारन परिवार द्रमुक की दो पीढ़ियों के भ्रष्टाचार को दर्शाता है, 3जी द्रमुक प्रमुख एम के स्टालिन के परिवार की तीन पीढ़ियां और 4जी कांग्रेस-गांधी परिवार की चार पीढ़ियों के भ्रष्टाचार का द्योतक है। ऊपर से नीचे तक सभी भ्रष्टाचार और घोटाले में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र में कांग्रेस के शासनकाल के दौरान तत्कालीन मंत्री जयराम रमेश ‘जलीकट्टू’ के खिलाफ अधिसूचना लेकर आए और द्रमुक मूकदर्शक बनी रही। इसके बाद पीएम मोदी ने इसका स्पष्ट तौर पर समर्थन किया और उनके दखल की वजह से ही जलीकट्टू को अनुमति मिल पाई। वह इस संबंध में तमिलनाडु सरकार के एक अध्यादेश का हवाला देते हुए दावा कर रहे थे।
Post a comment