नई दिल्ली
बाटला हाउस एनकाउंटर केस में आए कोर्ट के फैसले के बाद भाजपा ने विपक्ष पर सवाल उठाए हैं। मंगलवार को भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस पर हमला किया। उन्होंने सवाल किया कि अब जबकि आरिज खान दोषी करार दिया गया है तो अब सोनिया गांधी आंसू बहा रही हैं या नहीं?
इस मामले में आरिज खान को धारा 302, 307 और आर्म्स एक्ट में दोषी करार दिया है। सजा का ऐलान 15 मार्च को होगा। दिल्ली में साल 2008 में हुए बाटला हाउस एनकाउंटर केस के बाद आरिज भाग गया था, 2018 में उसे नेपाल से गिरफ्तार किया गया था।
यह भारत की एकता पर हमला था
केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘एक ऐसी घटना को क्लोजर मिला है, जिसने देश की राजनीति को पिछले 22 सालों से प्रभावित किया है। देश की सुरक्षा और आतंकवाद के मामले में भी कांग्रेस और दूसरी पार्टियां आतंकियों के समर्थन में खड़ी होती आई हैं।
क्या सोनिया, ममता, सलमान खुर्शीद माफी मांगेंगे?
प्रसाद ने कहा कि समाजवादी नेता अमर सिंह और तृणमूल कांग्रेस नेता ममता बनर्जी ने जामियानगर में मंच साझा किया और बाटला हाउस एनकाउंटर को फर्जी बताते हुए न्यायिक जांच की मांग की और कहा था कि अगर वे झूठी साबित हुईं तो वो राजनीति करना छोड़ देंगी। ममता जी इस पर आपका क्या कहना है?
इस मामले में सलमान खुर्शीद, दिग्विजय सिंह के विवादित बयान सुने हैं। अब दिग्विजय सिंह को इस बारे में क्या कहना है? केंद्रीय मंत्री ने सवाल किया कि क्या अब दिग्विजय सिंह, सोनिया गांधी, ममता बनर्जी या सलमान खुर्शीद जैसे नेता अपने बयानों पर माफी मांगेंगे। प्रसाद ने कहा कि बाटला हाउस कांड को समाजवादी पार्टी, बीएसपी, कांग्रेस पार्टी, लेफ्ट पार्टी, सलमान खुर्शीद, अरविंद केजरीवाल, ममताजी ने नेशनल इश्यू बनाया था। क्या मतलब है इसका? क्या वोट के लिए आतंकवाद की लड़ाई को इस तरह से कमजोर किया जाएगा?
Post a comment