बेगूसराय
केंद्रीय पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य पालन मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि भारत में बना यह वैक्सीन आत्मनिर्भर भारत की पहचान है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के वैज्ञानिकों द्वारा बने इस वैक्सीन की सराहना डब्ल्यूएचओ सहित पूरी दुनिया कर रही है। अपने को एडवांस समझने वाला चीन भी वैक्सीन बनाने के मामले में काफी पीछे रह गया, विपक्ष को इस मामले में देश के वैज्ञानिकों की तारीफ करनी चाहिए। अपने संसदीय क्षेत्र बेगूसराय के सदर अस्पताल में शुक्रवार को जीएनएम स्वाति श्री से वैक्सीन तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से प्रधानमंत्री का फोटो युक्त प्रमाण पत्र लेने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि करीब एक सौ देशों को भारत वैक्सीन दकर मदद कर रहा है। हमारा मूल सिद्धांत है सर्वे भवंतु सुखिनः-सर्वे संतु निरामया-वसुधैव कुटुंबकम, उसी सिद्धांत के तहत पूरी दुनिया में सबको भारत वैक्सीन देकर मदद कर रहा है। कुछ लोग कहते थे कि यह वैक्सीन मैं नहीं लूंगा, यह बीजेपी का वैक्सीन है। लेकिन यह बीजेपी का नहीं देश का वैक्सीन है, इसे देश के वैज्ञानिकों ने बनाया है भाजपा ने नहीं। अखिलेश यादव हो या राहुल गांधी, जो लोग कल तक गाली देते थे वह भी वैक्सीन चुपचाप लेंगे, गरीब को भ्रम में डालकर वैक्सीन लेंगे।
Post a comment