पुलिस मुख्यालय ने जारी किया अलर्ट
भागलपुर
नक्सली बिहार पुलिस के मुखबिरों पर हमले की तैयारी में हैं। बिहार झारखंड स्पेशल जोनल कमेटी से जुड़े नक्सली कमांडर अपने हथियारबंद कैडर के साथ हमले की साजिश रच रहे हैं। नक्सलियों ने सात पुलिस मुखबिरों को चिन्हित किया है, जिन पर वह हमला कर सकते हैं। पुलिस मुख्यालय से एसटीएफ के एसपी ने संबंधित जिलों के एसपी और रेंज डीआईजी को सतर्क करते हुए उचित कार्रवाई को कहा है।
खुफिया विभाग ने सूचना दी है कि तीन जिलों के सात मुखबिरों पर हमले की तैयारी है। जिनके नाम नक्सलियों की लिस्ट में है, उनमें लखीसराय के चार, मुंगेर के दो और बांका के एक व्यक्ति शामिल है। सभी पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाते हुए हमले की साजिश नक्सलियों ने रची है।
पुलिस मुख्यालय ने बांका के जंगल मे भी नक्सलियों के सक्रिय होने को लेकर सतर्क किया है। बताया गया है कि नक्सलियों का 10 से ज्यादा हथियारबंद दस्ता बेलहर के बिरमा के जंगल में भ्रमणशील है। आस पास के मलहा और बगदस्वा गांव में उनकी सक्रियता बताई गई है। इसको लेकर बांका एसपी को कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।
पुलिस मुखबिरों पर हमले की नक्सलियों की साजिश की जानकारी मिलने पर कार्रवाई की जा रही है। जिन जगहों पर उनकी सक्रियता की बात सामने आई है, वहां अभियान चलाया जा रहा है।
Post a comment