नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को केरल विधानसभा चुनाव के लिए मेट्रोमैन ई. श्रीधरन के नाम की घोषणा की थी, लेकिन अब खबर आ रही है कि पार्टी ने उनका नाम वापस ले लिया है। आपको बता दें कि उन्होंने हाल ही में भगवा पार्टी के रास्ते राजनीति में एंट्री ली थी। 88 वर्षीय श्रीधरन ने बीते सप्ताह ही भाजपा ज्वाइन की थी। केरल में भाजपा के प्रमुख के सुरेंद्रन ने विजय यात्रा के दौरान श्रीधरन को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था, ‘पार्टी जल्द ही अन्य उम्मीदवारों की लिस्ट भी जारी करेगी।’
आपको बता दें कि इससे पहले केंद्रीय मंत्री वी. मुरलीधरन ने ट्वीट कर कहा था, केरल में भाजपा बतौर मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में ई. श्रीधरन के साथ चुनाव लड़ेगी। हम केरल के लोगों के लिए भ्रष्टाचार मुक्त, विकासोन्मुख शासन प्रदान करने के लिए सीपीएम और कांग्रेस दोनों को हराएंगे।
हालांकि, मंत्री ने बाद में कहा, मैं जो बताना चाहता था वह यह था कि मीडिया रिपोर्टों के माध्यम से मुझे पता चला कि पार्टी ने यह घोषणा की है। बाद में, मैंने पार्टी प्रमुख के साथ क्रॉस-चेक किया, जिन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसी कोई घोषणा नहीं की है। मुरलीधरन केंद्र सरकार में राज्य मंत्री हैं। उन्होंने एक इससे पहले एक इंटरव्यू में बताया था कि श्रीधरन सार्वजनिक सेवा में रहे हैं। उनके अनुभव के साथ भाजपा आगे की प्रगति करेगी। उन्होंने कहा था कि 85 साल के उम्र में भी वह चुस्त-दुरुस्त हैं।
श्रीधरन 25 फरवरी को औपचारिक रूप से बीजेपी में शामिल हो गए थे। उन्होंने केरल के मलप्पुरम में भाजपा के एक कार्यक्रम में पार्टी ज्वाइन की। हालांकि, उन्होंने कुछ समय पहले ही ऐलान कर दिया था कि वे भाजपा में शामिल होंगे। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा था कि अगर भाजपा चाहे तो वह विधानसभा चुनाव लड़ेंगे और यदि पार्टी कहे तो वह मुख्यमंत्री पद के लिए भी तैयार हैं।
Post a comment