15 फरवरी को चार्टेड विमान से मुंबई आए थे अनिल देशमुख
मुंबई
पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फड़नवीस ने दावा किया कि राज्य के गृहमंत्री अनिल देशमुख को बचाने के लिए राकांपा अध्यक्ष शरद पवार से झूठ बुलवाया गया था। वे मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।
सोमवार को शरद पवार ने नई दिल्ली में एक प्रेस कांफ्रेंस में परमबीर सिंह के दावे को झूठा बताया था। उनका कहना था कि कोरोना होने की वजह से गृहमंत्री 15 से 27 फरवरी के बीच नागपुर के अपने घर में होम कोरेंटाइन में थे। फड़नवीस ने कहा कि उनके पास जानकारी है कि गृहमंत्री अनिल देशमुख 15 फरवरी को चार्टड प्लेन से नागपुर से मुंबई में आए गए थे। देशमुख 15 फरवरी से मुंबई के घर में थे। डेली पुलिस रिपोर्ट के अनुसार देशमुख 17 फरवरी को 3 बजे सह्याद्री और 24 फरवरी को 11 बजे मंत्रालय जाने वाले थे। उस दिन देशमुख सह्याद्री और मंत्रालय में गए थे या नहीं, यह पता नहीं है, इसलिए मैं इस पर दावा नहीं करूंगा। फड़नवीस ने कहा कि मेरा मानना है कि देशमुख 15 से 27 फरवरी के बीच कोरेंटाइन में नहीं थे, वे इस दौरान कई लोगों से मिले थे। उन्होंने चार्टड प्लेन के यात्रियों की सूची भी दिखाई, जिसमें देशमुख के साथ यात्रा करने वाले अन्य 7 लोगों के नाम दर्ज हैं।
Post a comment