मुंबई
लालबाग स्थित फ्लाईओवर आगामी तीन महीने के लिए बंद रहेगा। मनपा ने लालबाग फ्लाईओवर की मरम्मत का काम शुरु किया है। इस ब्रिज का बियरिंग सहित अन्य कार्य किए जाने हैं। मनपा की तरफ से काम शुरु किए जाने के उपरांत ट्रैफिक विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे परिवर्तित मार्ग से यात्रा करें। बता दें कि परेल से लागबाग तक जाने वाला ब्रिज बुधवार से अगले तीन महीनों के लिए रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक यातायात के लिए बंद रहेगा। यदि इस फ्लाईओवर से यातायात जारी रहता है तो यहां हो रहा कार्य प्रभावित होगा। इसलिए दक्षिण मुंबई से आने वाले वाहन परेल ब्रिज या परेल टीटी जंक्शन से होगर गुजर सकते हैं, अथवा 15 जून तक पुल के नीचे से अपने गंतव्य तक जा सकते हैं। मनपा के ब्रिज विभाग ने जानकारी दी की ब्रिज का मरम्मत कार्य अगले तीन महीनों में पूरा कर लिया जायेगा। यातायात विभाग के पुलिस उपायुक्त योगेश कुमार ने कहा कि “रानी बाग से उत्तर में भायखला बाज़ार का यातायात अगले तीन महीने तक बंद रहेगा।” इस अवधि के दौरान, यातायात पुलिस को वाहनों के आवागमन के लिए मार्गदर्शन करने के लिए तैनात किया गया है।
Post a comment