मुंबई
महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते मरीजों की वजह से ब्रेक द चैन अभियान के तहत लागू मिनी लॉकडाउन में आम लोगों को पूर्ण लॉकडाउन का एहसास हो रहा है। मुंबई में अत्यावश्यक सेवाओं की दुकानें छोड़कर अन्य दुकानों के बंद रहने से बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। कई जगहों पर पुलिस ने दुकानों को जबरन बंद कराया, इससे व्यापारी वर्ग में आक्रोश देखा गया।
राजनीतिक मोर्चे पर इसका विरोध भी शुरू हो गया। पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र लिखकर कहा कि जिस तरह से प्रतिबंध लगाए गए हैं, उससे जनता परेशान है और कई जगहों पर लोग सड़कों पर उतरकर विरोध कर रहे हैं, ऐसे में मुख्यमंत्री को तत्काल कदम उठाने चाहिए।
गाइड लाइन को लेकर असमंजस....
दरअसल ब्रेक द चैन अभियान के लिए जारी दिशा-निर्देशों को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही। आम लोग इसे वीकेंड लॉकडाउन मानकर चल रहे थे, लेकिन मुंबई महानगरपालिका की तरफ से अत्यावश्यक सेवाओं को छोड़कर अन्य सभी प्रकार की दुकानें बंद करने के आदेश से अफरा-तफरी रही। शहर में भुलेश्वर, झवेरी बाजार, कपड़ा मार्केट बंद रहा। कुछ लोगों ने दुकानें खोलने की कोशिश की पुलिस ने उन्हें बंद करा दिया। कई जगह पुलिस और व्यापारियों के बीच तीख बहस भी हुई। साउथ मुंबई स्थित युवाओं के लोकप्रिय अड्डे फैशन स्ट्रीट को पुलिस ने बंद करा दिया।
मंत्रालय के गलियारों में पसरा सन्नाटा....
इधर मंत्रालय के गलियारों में सन्नाटा पसरा रहा। मंत्रालय में विजिटर्स के आने पर तकरीबन रोक लगा दी गई है। कई सरकार विभागों मसलन सामान्य प्रशासन विभाग, नगर विकास, राजस्व विभाग, गृह विभाग, वित्त विभाग में 50 फीसदी अधिकारी, कर्मचारी काम कर रहे हैं। मंगलवार को मंत्रालय के आसपास चाय की दुकानें बंद नजर आई, जबकि आम दिनों में इन दुकानों पर खासी भीड़ नजर आती है।
शिवालय सात दिनों के लिए बंद.....
मंत्रालय के नजदीक शिवसेना का पार्टी आफिस शिवालय सात दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। शिवालय के कुछ कर्मचारियों ने बताया कि मिनी लॉकडाउन के आदेश के बाद सात दिनों तक शिवालय बंद रहेगा।
शिक्षा मंत्री का बंगला सील .....
शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड के सरकारी बंगले में काम करने वाले कुछ कर्मचारियों के कोरोना पीड़ित पाए जाने के बाद उनके बंगले को सील कर दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार रसोई में काम करने वाले कुछ कर्मचारी संक्रमित पाए गए हैं। बता दें कि दो माह पहले स्कूली शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ कोरोना संक्रमित हो गई थीं।
Post a comment